घंसौर(सिवनी)/मनोज नामदेव/खबर डिजिटल/ गुरुवार को जनपद शिक्षा केंद्र घंसौर में सीडब्ल्यूएसएन (विशेष आवश्यकता वाले) बच्चों के अभिभावकों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण/प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में जनपद के सभी जनशिक्षा केंद्रों से जुड़े दिव्यांग छात्र-छात्राओं के 25 अभिभावकों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण अभिभावकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीआरसीसी कमलेश बघेल ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण अभिभावकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने अभिभावक प्रशिक्षण की उपयोगिता, उद्देश्य, आवश्यकता और समावेशित शिक्षा पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिव्यांग बच्चों में विशेष प्रतिभाएं छिपी होती हैं, जिन्हें पहचानकर निखारने का दायित्व हम सभी का है।
अभिभावकों को आवश्यक मार्गदर्शन और प्रशिक्षण
प्रशिक्षण सत्र में कैलाश रैकवार एवं पी. चंदेल द्वारा अभिभावकों को आवश्यक मार्गदर्शन और प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर एमआरसी मनोज हरबंस सिंह यादव, देवी प्रसाद सेन, विमल प्रजापति एवं प्रशांत नागेश ने भी सक्रिय योगदान दिया।
दिव्यांगजनों की योजनाओं के बारे में दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को मध्य प्रदेश सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि राज्य सरकार सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन अधिकारिता विभाग के माध्यम से पेंशन योजनाएं, विवाह प्रोत्साहन योजना, शिक्षा एवं छात्रवृत्ति, रोजगार व ऋण सहायता, सहायक उपकरण (ADIP योजना) तथा हवाई यात्रा में रियायत जैसी सुविधाएं प्रदान कर रही है। इन योजनाओं का लाभ SPARSH पोर्टल, MP ई-डिस्ट्रिक्ट, राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल एवं MP Online/CSC कियोस्क के माध्यम से लिया जा सकता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर अभिभावकों ने इसे उपयोगी बताते हुए भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।


