सीहोर/संजय त्यागी/खबर डिजिटल/ जिले के प्रतिष्ठित पीएम श्री चंदशेखर आजाद कॉलेज के प्राचार्य रोहितास शर्मा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। कॉलेज परिसर में छात्रों से चर्चा के दौरान बालिकाओं को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी और उग्र व्यवहार का मामला सामने आया है, जिससे कॉलेज का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के अनुसार, जब छात्र कॉलेज परिसर में एक पेड़ को “भविष्य” के नाम से चिन्हित कर पौधरोपण कर रहे थे, उसी दौरान प्राचार्य रोहितास शर्मा वहां पहुंचे और छात्रों से बातचीत करने लगे। बातचीत के दौरान अचानक प्राचार्य उग्र हो गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। छात्रों का आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे छात्र आक्रोशित हो गए।
आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग
घटना के बाद छात्रों ने प्राचार्य के व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए कोतवाली में आवेदन देकर आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है। वहीं, दूसरी ओर कॉलेज प्रबंधन भी स्टाफ के साथ कोतवाली पहुंचा और छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। इस तरह मामला दो पक्षों में बंट गया और कॉलेज परिसर अखाड़े का रूप लेता नजर आया।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने किया विरोध
इधर, एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने भी मोर्चा खोलते हुए प्राचार्य पर छात्रों और विशेषकर बालिकाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाया है। विरोध स्वरूप एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कोतवाली चौराहे पर प्राचार्य का पुतला दहन कर उनके व्यवहार की तीखी आलोचना की।
दोनों पक्षों के आवेदनों की जांच जारी
फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों के आवेदनों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। इस पूरे घटनाक्रम ने न सिर्फ कॉलेज की छवि पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि शैक्षणिक संस्थानों में अनुशासन और संवाद की मर्यादा को लेकर भी गंभीर बहस छेड़ दी है।


