घंसौर (सिवनी)/मनोज नामदेव/खबर डिजिटल/सिवनी जिले की लखनादौन–मंडला सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है। यह मार्ग न केवल नर्मदा परिक्रमा मार्ग का अहम हिस्सा है, बल्कि छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग भी माना जाता है। इसके बावजूद करीब 100 किलोमीटर लंबी इस MPRDC (मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम) की सड़क पर गड्ढों और अव्यवस्थित ब्रेकरों ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
MPRDC के दो टोल प्लाजा स्थित
इस मार्ग पर MPRDC के दो टोल प्लाजा स्थित हैं, जहां वाहन चालकों से नियमित रूप से टोल टैक्स वसूला जा रहा है। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि पूरी सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं और उन्हीं गड्ढों के बीच अचानक बने ब्रेकर हादसों को दावत दे रहे हैं। एनडीटीवी की टीम द्वारा किए गए सफर के दौरान लगभग 100 किलोमीटर में करीब 50 ब्रेकर पाए गए, जबकि पूरी सड़क गड्ढों से छलनी नजर आई।
वाहन चालकों ने बताया
वाहन चालकों का कहना है कि खराब सड़क और अनियोजित ब्रेकरों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। तेज रफ्तार वाहन अचानक ब्रेकर या गड्ढे के कारण असंतुलित हो जाते हैं, जिससे जान-माल का खतरा बना रहता है।
टोल वसूली पर सवाल
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने खराब सड़क के बावजूद टोल वसूली को अनुचित बताया है। सुप्रीम कोर्ट के अनुसार, यदि सड़क की स्थिति बेहद खराब है तो उस पर टोल वसूलना अवैध माना जा सकता है।
शिकायत के विकल्प
खराब सड़क और टोल वसूली के खिलाफ नागरिक निम्न कदम उठा सकते हैं कि NHAI टोल-फ्री नंबर 1033 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। MPRDC कार्यालय में 0755-2765290 पर संपर्क कर सड़क की स्थिति की शिकायत करें। सड़क के गड्ढों और ब्रेकरों के फोटो व वीडियो साक्ष्य संकलित कर संबंधित विभाग को भेजें। गंभीर स्थिति में टोल वसूली रोकने की मांग की जा सकती है। स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन और MPRDC जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराए, ताकि इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यात्रा सुरक्षित हो सके और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।


