इंदौर/नरेंद्र महावर/खबर डिजिटल/ कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के इंदौर दौरे की पुष्टि हो चुकी है, वे 17 जनवरी को इंदौर आएंगे और दूषित पानी से प्रभावित परिवारों से मिलेंगे। इस दिन कांग्रेस मध्य प्रदेश में मनरेगा योजना का नाम बदलने को लेकर भी विरोध प्रदर्शन करने वाली है। कहा जा सकता है कि 17 जनवरी को मध्यप्रदेश में एक बार फिर सियासी महासंग्राम देखने को मिल सकता है, बयानबाजियों का दौर एक बार फिर शुरु हो जाएगा।
हर ब्लॉक में कांग्रेस कार्यकर्ता जताएंगे विरोध
राहुल गांधी के दौरे के दौरान प्रदेश के हर ब्लॉक में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सामूहिक उपवास रखेंगे। साथ ही गांधी प्रतिमाओं के सामने धरना देकर भजन कीर्तन भी किए जाएंगे। इस दौरान इंदौर जल कांड में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी। जिससे सियासी बाजार पूरी तरह से गर्म दिखाई देगा
राहुल गांधी के आगमन का प्लान तैयार
कांग्रेस के संगठन प्रभारी संजय कामले ने बताया कि राहुल गांधी के इंदौर आगमन की तारीख एआईसीसी (ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी) की तरफ से तय हो गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसकी पुष्टि कर दी है। जिसकी पूरी आधिकारिक जानकारी जल्द जारी कर दी जाएगी।


