खबर डिजिटल कटनी –जिले के कैमोर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। नन्हवारा कला गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी ने युवक के सिर पर पत्थर पटककर उसकी जान ले ली और शव को झाड़ियों में छिपा दिया।मृतक की पहचान आलोक गुप्ता (31 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वार्ड क्रमांक 11, खरखरी छैघरा, थाना विजयराघवगढ़ का निवासी था। पुलिस के अनुसार आलोक और आरोपी सोनू कोल, निवासी वार्ड क्रमांक 1 नन्हवारा कला, के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।बीती रात यह विवाद हिंसक हो गया और सोनू कोल ने आलोक की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को नन्हवारा कला की बड़ी खदान के पास झाड़ियों में छिपा दिया।झाड़ियों में शव मिलने की सूचना पर कैमोर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी डॉ. संतोष डेहरिया ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पुरानी रंजिश सामने आया है।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की विस्तृत जांच जारी है।


