सचिन पत्रकार/ बैतूल/ खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग, जिला प्रशासन बैतूल, नगर पालिका परिषद मुलताई एवं दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र नागपुर के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिष्ठित ताप्ती महोत्सव का शुभारंभ 14 जनवरी 2026, बुधवार की शाम हाई स्कूल मैदान, मुलताई में हुआ। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित इस सांस्कृतिक उत्सव में बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। महोत्सव का उद्देश्य नदियों को हमारी सांस्कृतिक विरासत के रूप में स्थापित करना और नई पीढ़ी को संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री (जनजातीय कार्य) दुर्गादास उइके मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथियों में विधायक मुलताई चंद्रशेखर देशमुख, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पंवार, नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गणेकर, उपाध्यक्ष शिवकुमार माहोरे एवं जनपद अध्यक्ष नानी बाई डहारे शामिल रहे।
प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र
संस्कृति विभाग द्वारा विशेष रूप से तैयार की गई अमृतधारा – ताप्ती की पहली प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। ताप्ती नदी की उद्गम कथा से आरंभ होकर यह प्रस्तुति नदी, पर्वत, वन और प्रकृति संरक्षण का सशक्त संदेश देती है। प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने सूत्रधार की भूमिका निभाई, जबकि बाल कलाकार वान्या दत्ता ने नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व किया। भरतनाट्यम, कथक, कंटेंपरेरी सहित जनजातीय व लोकनृत्यों के समन्वय से करीब 80 कलाकारों ने प्रस्तुति को जीवंत बनाया।
महाराष्ट्र का धनगरी गाजा नृत्य
सांगली (महाराष्ट्र) के अनिल भीमराव कोलेकर एवं उनके परिवार ने पारंपरिक धनगरी गाजा नृत्य प्रस्तुत किया। ढोल, कैताल और बांसुरी की लय पर प्रस्तुत यह नृत्य पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही परंपरा का अद्भुत उदाहरण रहा।
भक्ति गायन ने बांधा समां
पहले दिन की अंतिम प्रस्तुति भजन गायिका सुरभि चतुर्वेदी (जयपुर) की रही। उनके मधुर भजनों ने ताप्ती की पावन धरती पर आध्यात्मिक वातावरण रच दिया और श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
