अनूपपुर/मनोज तिवारी/खबर डिजिटल/ जिले की ग्राम पंचायत बम्हनी में ग्रामीण सड़क निर्माण का काम भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता जा रहा है। ग्राम पंचायत प्रधान से लेकर जिले के उच्च अधिकारियों की निगरानी में यह निर्माण कार्य “खेल” बन चुका है। 5 लाख रुपये की पुलिया में 16mm की रॉड डाली जा रही है, जबकि शासन के नियमों के अनुसार 32mm रॉड ही लगाना अनिवार्य है। नियमों की खुलेआम अवहेलना कर पुलिया का निर्माण गुणवत्ता विहीन तरीके से किया जा रहा है।
सीमेंट में अल्ट्राटेक की जगह सबसे कम कीमत वाला “राख वाला” सीमेंट उपयोग किया जा रहा है, जिससे पुलिया की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ट्रैक्टर और भारी वाहनों के आवागमन तथा बारिश के कारण पुलिया टूटने का खतरा लगातार बना रहेगा।
मिली जानकारी के अनुसार इंजीनियर ने पहली पुलिया को रद्द कर दिया और दूसरी बार ऊँचा बनाकर सिंगल स्लैब निर्माण का निर्देश दिया। इसके बाद ऊपर मिट्टी भरकर काम पूरा कर दिया जाएगा।
अब सवाल यह है कि क्या जिले में ग्रामीण विकास का सपना पूरा हो पाएगा या विकास का पैसा दलाल और भ्रष्ट अधिकारियों की जेब में चला जाएगा?
अनूपपुर के दंडाधिकारी/कलेक्टर से मांग है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जाए, अन्यथा यह काले धंधे फलते-फूलते रहेंगे।


