दावोस/खबर डिजिटल। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम–2026 के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्विट्ज़रलैंड संसद की नेशनल काउंसिल के सदस्य श्री सेम्युअल गगर से महत्वपूर्ण चर्चा की। बैठक में स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत निर्माण (प्रिसिजन मैन्युफैक्चरिंग), डिजिटल समाधान और जनजातीय कल्याण से जुड़े निवेश अवसरों पर विस्तृत संवाद हुआ।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री गगर को बताया कि मध्यप्रदेश देश का सर्वाधिक जनजातीय आबादी वाला राज्य है और जनजातीय कल्याण, सतत आजीविका तथा समावेशी विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने आर्थिक पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन और मिलेट उत्पादन को बढ़ावा देने के प्रयासों की जानकारी दी और कहा कि ये पहलें जनजातीय समुदाय की आय, पोषण और आत्मनिर्भरता से सीधे जुड़ी हैं।
स्वच्छ ऊर्जा और उन्नत निर्माण में सहयोग
बैठक में स्वच्छ ऊर्जा तकनीकों, प्रिसिजन मैन्युफैक्चरिंग और डिजिटल समाधानों में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। औद्योगिक ऑटोमेशन और स्थिरता के क्षेत्रों में स्विस विशेषज्ञता का लाभ उठाकर मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं को सुदृढ़ करने पर सहमति बनी।
इसके साथ ही नवकरणीय ऊर्जा, रीसाइक्लिंग और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्रों में साझा प्रयासों को आगे बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
युवाओं के लिए कौशल और सांस्कृतिक सहयोग
बैठक में स्विस संसदीय प्रतिनिधियों को मध्यप्रदेश आमंत्रित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई, जिससे पर्यावरण संरक्षण और इंडस्ट्रियल ट्रांजिशन जैसे विषयों पर नीति स्तर पर अनुभव साझा किया जा सके।
साथ ही, तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से मध्यप्रदेश के युवाओं को कौशल-संपन्न बनाने, स्विस निजी क्षेत्र की भागीदारी और हेरिटेज व इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी। दोनों पक्षों ने लोगों के बीच संबंध मजबूत करने के लिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों की संभावना पर भी विचार किया।


