राजगढ़/धर्मराज सिंह/खबर डिजिटल/ शहर के नेशनल हाईवे–52 पर शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना राजगढ़ बायपास रोड की है, जो राजगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आती है।
पतंग लूटने के चक्कर में सड़क पार कर रहा था बच्चा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मासूम बच्चा पतंग लूटने के बाद बिना इधर-उधर देखे अचानक सड़क पार करने लगा। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चा उछलकर करीब 15 फीट दूर जा गिरा।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें कार की तेज रफ्तार साफ तौर पर देखी जा सकती है। वीडियो में यह भी स्पष्ट है कि चालक ने समय रहते ब्रेक नहीं लगाए।
स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बची जान
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल बच्चे को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और एंबुलेंस बुलाकर जिला अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर राजगढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
