बैतूल/ सचिन जैन/ खबर डिजिटल/ शहर के मेडिकेयर हॉस्पिटल, लिंक रोड बैतूल में एक दुर्लभ बीमारी रैब्डोमायोलाइसिस का समय पर निदान कर 15 वर्षीय बच्चे की किडनी को बचाया गया। अत्यधिक जिम वर्कआउट के बाद बच्चे को पूरे शरीर में तेज दर्द, मांसपेशियों में गलन और कोला रंग की काली पेशाब की समस्या हुई।
चिकित्सा जांच में यह पता चला कि बच्चे को रैब्डोमायोलाइसिस हुआ है, जो भारत में लगभग एक लाख में से दो लोगों को प्रभावित करती है। यदि इस बीमारी का समय पर इलाज न हो, तो मरीज की किडनी फेल होने का खतरा बढ़ जाता है।
मेडिकेयर हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अमरेंद्र सिंह कुशवाह (MD मेडिसिन) ने तुरंत सटीक जांच कर उपचार शुरू किया। लगातार निगरानी और उचित चिकित्सा प्रबंधन के चलते मरीज की किडनी सुरक्षित रही और उसकी स्थिति में तेजी से सुधार हुआ।
फिलहाल मरीज की हालत स्थिर है और वह स्वस्थ होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। परिजनों ने अस्पताल और डॉक्टरों को धन्यवाद दिया। यह घटना युवाओं के लिए चेतावनी है कि बिना विशेषज्ञ सलाह के अत्यधिक व्यायाम गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है।
