भोपाल/खबर डिजिटल: गोवा में आयोजित QS India Summit 2026 में मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। समिट के दौरान अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने उच्च शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार, अनुसंधान तथा वैश्विक शैक्षणिक साझेदारी से जुड़े महत्वपूर्ण सत्रों में सक्रिय सहभागिता की। इस सहभागिता का मुख्य उद्देश्य विदेशी विश्वविद्यालयों एवं अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों के साथ सहयोग को प्रोत्साहित करना, शैक्षणिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना तथा संयुक्त अनुसंधान और क्षमता निर्माण के नए अवसर तलाशना रहा।
उच्च शिक्षा के भविष्य/नवाचार पर हुई चर्चा
क्यूएस इंडिया समिट 2026 के अंतर्राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन के मुख्य अतिथि गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत रहे। QS India Summit में भारत सहित विभिन्न देशों से नीति-निर्माता, शिक्षाविद्, उद्योग विशेषज्ञ एवं वैश्विक शिक्षा जगत से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हुए। यह समिट 3 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें उच्च शिक्षा के भविष्य, नवाचार और वैश्विक सहयोग पर गहन मंथन हो रहा है।

विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक
QS India Summit में अनुपम राजन ने यूनाइटेड किंगडम, कनाडा और इंडोनेशिया के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें भी कीं। इन बैठकों में छात्र एवं संकाय विनिमय कार्यक्रम, संयुक्त शोध परियोजनाएं तथा दीर्घकालिक शैक्षणिक सहयोग की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई। क्यूएस इंडिया समिट 2026 उच्च शिक्षा के क्षेत्र में वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान और शिक्षा, उद्योग तथा सरकार के बीच सहयोग को मजबूत करने का एक प्रभावी मंच है।
Must Read:बजट में किसानों को क्या मिला ? शिवराज ने दी जानकारी, पढ़ें पूरी खबर – Khabar Digital
क्यूएस इंडिया समिट 2026 में मध्यप्रदेश की प्रभावी उपस्थिति
गोवा में आयोजित QS India Summit 2026 में मध्यप्रदेश शासन की सक्रिय भागीदारी राज्य में उच्च शिक्षा सुधारों को नई दिशा देने के साथ-साथ मध्यप्रदेश को अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। समिट में आयुक्त उच्च शिक्षा प्रबल सिपाहा, डॉ. सुनील सिंह, राकेश श्रीवास्तव एवं मनोज अगिहोत्री सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
