भोपाल/ खबर डिजिटल: WWF इंडिया के मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ राज्य कार्यालय, भोपाल द्वारा 2 फरवरी 2026 को विश्व आर्द्रभूमि दिवस (World Wetland Day 2026) के अवसर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत भोपाल के शाहपुर तालाब क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें प्लास्टिक, कांच तथा अन्य प्रकार के कचरे को एकत्र कर नगर निगम को सुपुर्द किया गया।
स्लोगन प्लेकार्ड से दिया संरक्षण का संदेश
स्वच्छता अभियान के बाद सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण परिसर, ई-5 अरेरा कॉलोनी के बाहर मुख्य मार्ग पर स्लोगन लिखे प्ले-कार्ड लेकर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान राहगीरों को तालाबों और आर्द्रभूमि के महत्व के बारे में जानकारी दी गई तथा इनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अगले चरण में प्रतिभागियों ने कार्यालय परिसर में सांप-सीढ़ी आधारित शैक्षणिक खेलों के माध्यम से प्रकृति, पर्यावरण और जैव विविधता से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझा। इस गतिविधि के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर उसके संसाधनों का संरक्षण करना हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है।

विभिन्न महाविद्यालयों के 70 विद्यार्थियों की भागीदारी
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, राज्य प्रदूषण निवारण मंडल के सेवानिवृत्त वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. प्रेम श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वेटलैंड के महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी आगे आकर तालाबों, पोखरों, नदियों और अन्य जलस्रोतों से जुड़ी आर्द्रभूमियों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाए, तो जलीय जैव विविधता को संरक्षित रखा जा सकता है, जो प्राकृतिक संतुलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस जागरूकता कार्यक्रम में कुल 70 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें प्रमुख रूप से VNS महाविद्यालय, सैम ग्लोबल यूनिवर्सिटी, IES विश्वविद्यालय, आनंद विहार कन्या महाविद्यालय, LNCT एवं JNCT महाविद्यालय के विद्यार्थी शामिल रहे। साथ ही WWF इंडिया के स्वयंसेवकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।
