रीवा/ अरविंद तिवारी/ खबर डिजिटल/ विंध्य की लाइफलाइन कही जाने वाली रेवांचल एक्सप्रेस में उस समय हड़कंप मच गया जब ट्रेन भोपाल से चलकर रीवा टर्मिनल पहुंची और एक कोच में करीब 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी (GRP) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कोच से नीचे उतारकर कब्जे में लिया।
पहचान बनी पहेली
प्राथमिक जांच में युवक के पास से कोई पहचान पत्र या ऐसा दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक किस स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस के अनुसार मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेज दिया है। डॉक्टरों की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही मृतक की फोटो और हुलिया आसपास के रेलवे स्टेशनों व थानों में प्रसारित कर दी गई है, ताकि जल्द से जल्द उसकी पहचान हो सके।
फिलहाल पुलिस इसे संदिग्ध मौत मानकर जांच आगे बढ़ा रही है और यात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है।


