रीवा / अरविंद तिवारी/ खबर डिजिटल/ जिले के चर्चित बघेली यूट्यूबर मनीष पटेल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार मामला उनके वैलेंटाइन डे पर पोस्ट किए गए एक वीडियो से जुड़ा है, जिस पर ब्राह्मण समाज ने कड़ी आपत्ति जताई है। आरोप है कि वीडियो में ब्राह्मण समाज की युवतियों को लेकर आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणियां की गईं, जिससे समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं।
वीडियो वायरल होते ही बढ़ा आक्रोश
14 फरवरी को सोशल मीडिया पर साझा किए गए इस वीडियो के वायरल होते ही विरोध शुरू हो गया। ब्राह्मण समाज के लोगों का कहना है कि कॉमेडी के नाम पर किसी जाति या धार्मिक संस्कारों का मजाक उड़ाना स्वीकार्य नहीं है। उनका आरोप है कि मनीष पटेल पहले भी इसी तरह की सामग्री पोस्ट कर चुके हैं, जिससे समाज में असंतोष फैलता रहा है।

सिविल लाइन थाने में सौंपा गया आवेदन
मामले को लेकर सैकड़ों की संख्या में समाज के प्रतिनिधि सिविल लाइन थाने पहुंचे और शिकायती आवेदन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि विंध्य क्षेत्र में पहले से ही UGC और आरक्षण जैसे मुद्दों को लेकर संवेदनशील माहौल है, ऐसे में इस तरह के वीडियो सामाजिक तनाव बढ़ा सकते हैं।


पुलिस कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वीडियो की जांच की जा रही है। साइबर सेल की रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी मनीष पटेल विवादों में आ चुके हैं और माफी मांगकर मामला शांत हुआ था, लेकिन इस बार समाज कार्रवाई की मांग पर अड़ा हुआ है।




