राजगढ़/ धर्म राज सिंह/ खबर डिजिटल/ जिले के पचोर में झाड़-फूंक से बीमारी ठीक करने का झांसा देकर 2,50,000 और मोबाइल फोन की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से पूरी नगद राशि बरामद कर ली गई है। साथ ही घटना में प्रयुक्त करीब 7 लाख कीमत की आर्टिगा कार भी जप्त की गई है। कुल जप्त मशरूका की कीमत लगभग 9,50,000 बताई जा रही है।
बस स्टैंड पर बनाया शिकार
30 जनवरी 2026 को शाम करीब 7:30 बजे बस स्टैंड पचोर में इंदौर निवासी जितेन्द्र सिलावट (44 वर्ष) को एक अज्ञात व्यक्ति ने बीमारी ठीक करने का दावा करते हुए झाड़-फूंक का झांसा दिया। आरोपी ने मानसिक रूप से भ्रमित कर उनसे 2,50,000 नगद और एक मोबाइल फोन ठग लिया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे और एसडीओपी अरविंद सिंह के मार्गदर्शन में थाना पचोर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक शकुंतला बामनिया के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे इंदौर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी और जप्ती का विवरण
गिरफ्तार आरोपी आनंद (42 वर्ष), पिता जगदीश दास बेरागी, निवासी न्यू कॉलोनी, पैलेस, इंदौर है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2,50,000 नगद शत-प्रतिशत बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त आर्टिगा कार (अनुमानित कीमत 7 लाख) भी जप्त की गई है।
ठगी की कार्यप्रणाली
आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर अकेले लोगों को निशाना बनाता था। खुद को तांत्रिक बताकर बीमारी ठीक करने का दावा करता, फिर डर और भ्रम पैदा कर नगद राशि ऐंठ लेता था। ठगी की रकम वाहन में छिपाकर रखता और फरार हो जाता था।


