भोपाल/ खबर डिजिटल/ राजधानी के पिपलानी थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम कॉलोनी में मोबाइल गेमिंग की लत से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां 8वीं कक्षा में पढ़ने वाले 14 वर्षीय छात्र अंश साहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को आशंका है कि ऑनलाइन गेम में दिए गए किसी टास्क के दबाव में आकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिवार का इकलौता बेटा था अंश
अंश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके माता-पिता एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं। परिवार के अनुसार, पिछले कुछ समय से अंश को मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलने की आदत लग गई थी। इस कारण उसकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी।
मोबाइल छीनने के बाद बढ़ा तनाव
परिजनों ने बताया कि कई बार समझाने के बाद भी जब अंश की आदत नहीं बदली, तो उन्होंने उसका मोबाइल फोन कुछ दिन पहले अपने पास रख लिया था। सोमवार को माता-पिता एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने घर से बाहर गए थे। लौटने पर उन्होंने देखा कि अंश कमरे में फंदे से लटका हुआ है। उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पड़ोसियों ने बताई बदली हुई आदत
पड़ोसियों के मुताबिक, अंश शांत स्वभाव का था, लेकिन हाल के दिनों में वह अधिकतर अकेले रहने लगा था। पिपलानी थाना प्रभारी चंद्रिका यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में मोबाइल गेमिंग की लत एक कारण प्रतीत हो रही है। विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
