रीवा/ अरविन्द तिवारी/ खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय आज रीवा पहुंचे। यहां उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए केंद्र और राज्य सरकार के बजट को ऐतिहासिक और आर्थिक रूप से समृद्ध बताया। विजयवर्गीय ने आंकड़ों के जरिए यह समझाया कि कैसे पिछले एक दशक में भारत की आर्थिक शक्ति तीन गुना बढ़ी है
रीवा में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि विकसित भारत 2047 का संकल्प है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि लगातार 9वीं बार बजट पेश कर सरकार ने अपनी स्थिरता और दूरदर्शिता का परिचय दिया है।
विजयवर्गीय ने साल 2013 से वर्तमान स्थिति की तुलना करते हुए एक बड़ा आंकड़ा पेश किया। उन्होंने बताया कि बजट का आकार 16 लाख करोड़ से बढ़कर अब 53 लाख करोड़ के पार पहुंच गया है, जो लगभग 3 गुना की बढ़ोतरी है। उन्होंने कहा कि यह भारत की बढ़ती आर्थिक क्षमता का प्रमाण है।
अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए उन्होंने गर्व से कहा कि भारत दुनिया की आर्थिक रैंकिंग में 11वें स्थान से लंबी छलांग लगाकर अब चौथे नंबर पर आ गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस गति से आर्थिक क्षमता बढ़ रही है, भारत बहुत जल्द दुनिया की नंबर-1 अर्थव्यवस्था बनेगा। 2026 का यह बजट देश को आर्थिक रूप से और अधिक समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाएगा।


