सीधी/ बृजेश पाण्डेय/ खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के सीधी जिले के बहरी बाजार में दुकान (गोमती) रखने को लेकर उपजा विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला और युवक के बीच तीखी झड़प और मारपीट देखी जा सकती है।
विवाद की मुख्य वजह
जानकारी के मुताबिक, बहरी बाजार में गोमती के स्थान को लेकर युवक संतोष पाठक और एक महिला के बीच बहस शुरू हुई थी। संतोष पाठक ने महिला को अपनी दुकान के बगल में गोमती रखने से मना किया था। देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि पहले महिला ने चप्पल निकालकर युवक पर हमला किया, जिसके जवाब में युवक ने भी आक्रोश में आकर मारपीट की। इस दौरान वहां मौजूद लोग बीच-बचाव करने के बजाय वीडियो बनाते रहे और युवक के खिलाफ उकसावे वाली नारेबाजी भी करते सुने गए।
राजनीतिक तूल देना गलत: समाजसेवी
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुछ राजनीतिक खेमों द्वारा इसे सिहावल विधायक और भाजपा से जोड़ने की कोशिश की गई। हालांकि, स्थानीय सूत्रों और समाजसेवी पुष्पराज मिश्रा ने इन दावों को निराधार बताया है। पुष्पराज मिश्रा का कहना है कि मारपीट की घटना दोनों पक्षों की ओर से निंदनीय है, लेकिन इसे राजनीतिक रंग देना अनुचित है।
तथ्यों की स्पष्टता
संतोष पाठक पेशे से एक यूट्यूबर पत्रकार हैं। उनकी तस्वीरें भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के नेताओं के साथ मौजूद हैं, जिसका अर्थ यह कतई नहीं है कि वे किसी विशेष दल के सक्रिय सदस्य हैं। केवल उपनाम या पुरानी तस्वीरों के आधार पर इसे राजनीतिक रंग देना गलत है। फिलहाल, बहरी थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।


