मुंबई : भारत की दिग्गज इंजीनियरिंग कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर वर्टिकल ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बुनियादी ढांचा क्षेत्र में अपनी धाक जमाते हुए दुबई में सड़क विकास का एक ‘महत्वपूर्ण’ (Significant) कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया है। यह परियोजना दुबई के सड़क नेटवर्क को आधुनिक बनाने की व्यापक सरकारी पहल के पहले चरण (Phase-1) का हिस्सा है।
यातायात क्षमता में होगा चार गुना विस्तार इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य अमीरात रोड (E611) से शेख मोहम्मद बिन जायद रोड (E311) के बीच के व्यस्त कॉरिडोर का उन्नयन करना है।
- लेन विस्तार: एलएंडटी वर्तमान दो-लेन वाले डुअल कैरिजवे को चौड़ा कर प्रत्येक दिशा में चार-लेन (कुल 8 लेन) वाला डुअल कैरिजवे बनाएगी।
- स्मार्ट इंटरचेंज: E311 पर एक विशाल ‘स्ट्रक्चरल इंटरचेंज’ का निर्माण किया जाएगा, जो सभी दिशाओं में बिना किसी रुकावट (Seamless) के यातायात प्रवाह सुनिश्चित करेगा।
आधुनिक कनेक्टिविटी और समय सीमा परियोजना के तहत लतीफा बिंत हमदान स्ट्रीट को नए चार-लेन वाले डुअल कैरिजवे के रूप में विस्तारित किया जाएगा। इसमें ‘यू-टर्न’ की सुविधा और आसपास के विकास क्षेत्रों तक पहुँच आसान बनाने के लिए एक समर्पित इंटरचेंज भी शामिल है। एलएंडटी को इस महत्वाकांक्षी परियोजना को 36 महीनों की समय सीमा के भीतर पूरा करना है। यह अनुबंध अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एलएंडटी की इंजीनियरिंग क्षमताओं और जटिल शहरी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के उसके ट्रैक रिकॉर्ड को और मजबूत करता है।


