सीहोर/ रेहटी/कन्हैया नाथ/ खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के सीहोर जिले अंतर्गत रेहटी तहसील में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। ओडिया-दीपाखेड़ा मोड़ के पास श्रद्धालुओं और बारातियों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में करीब 20 लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
कार को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
प्राप्त विवरण के अनुसार, यह सभी लोग होशंगाबाद जिले के ग्राम होरिया पीपली में एक शादी समारोह में सम्मिलित होने गए थे। वैवाहिक कार्यक्रम के पश्चात सभी ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर अपने गृह ग्राम चींटीखेड़ा (भैरूंदा) वापस लौट रहे थे। जब वाहन ओडिया-दीपाखेड़ा मोड़ के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया। संतुलन बिगड़ने के कारण भरी हुई ट्राली सड़क किनारे जाकर पलट गई।

चीख-पुकार के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि ट्राली में लगभग 40 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय राहगीरों और 100 डायल पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला। पुलिस और अन्य निजी वाहनों की मदद से तत्काल सभी घायलों को सिविल अस्पताल रेहटी पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों का उपचार कर रही है।

पुलिस जांच जारी
रेहटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी तस्दीक कर रही है कि वाहन की गति कितनी थी और क्या ओवरलोडिंग हादसे की मुख्य वजह बनी। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
