आलीराजपुर/कुलदीप खराड़ीया/खबर डिजिटल/ युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव की जानकारी तो देना ही है, साथ ही में नशे की प्रवृत्ति से उत्पन्न होने वाली सामाजिक बुराई पर रोक लगाना जिला प्रशासन का दायित्व और कर्त्तव्य भी है, यह बात कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने नारकोटिक्स एवं अन्य नशीली दवाओं की रोकथाम एवं बेहतर समन्वय हेतु NCORD की बैठक में कही। कलेक्टर कक्ष में कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में NCORD की बैठक आयोजित की गई।
अधिकारियों को किया गया निर्देशित
कलेक्टर श्रीमति नीतू माथुर ने बैठक उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले के समस्त शिक्षण संस्थान एवं शासकीय परिसर के आस पास नशीले पदार्थो की बिक्री करने वाले दुकानदारों के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस अधिकारी के साथ साथ जिला आबकारी विभाग के अधिकारी को दिए। इस दौरान उन्होने विशेष तौर पर नकली शराब एवं ताड़ी पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सामाजिक न्याय विभाग की भी ली बैठक
कलेक्टर श्रीमति नीतू माथुर ने सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले के शासकीय शैक्षणिक संस्थाओं में युवाओं को नशे से दुर रहने एवं इसके दुष्प्रभाव की जानकारी देने के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन करने,साथ ही सोशल मीडिया पर भी इसका अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए।
कृषि एवं संबद्ध अधिकारियों को किया निर्देशित
इस दौरान उन्होने कृषि एवं संबद्ध अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने अपने कार्य क्षेत्र मे निगरानी कर यह सुनिश्चित करें की कोई भी व्यक्ति जिले में नशीले पदार्थो के उत्पादन एवं खरीदी बिक्री में शामिल तो नहीं है और अगर किसी भी व्यक्ति द्वारा यह कृत्य किया जा रहा है तो संबंधित के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
प्रतिबंधित दवाओं पर रोक लगाने की मांग
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने जिला स्वास्थ्य विभाग के अमले को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन द्वारा प्रतिबंधित दवाइयां मेडिकल स्टोर पर न हो इसकी जांच करें , साथ ही कोई प्रतिबंधित दवा प्राप्त होने पर या कोई भी अनियमितता पाए जाने पर संबंधित फर्म या व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करें। आगामी भगोरिया पर्व पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करे एवं महिला बाल विकास विभाग अधिकारी को निर्देशित किया कि वह इस पर्व में बाल विवाह रोकथाम हेतु जागरूकता शिविर भी आयोजित करे।
एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया ने दी जानकारी
बैठक में पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थो की रोकथाम के लिए पुलिस हर तरह से मुस्तैद है , शहरी क्षेत्र एवं कस्बो में निगरानी दल के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है । साथ ही समय समय पर युवाओं एवं ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव की जानकारी पुलिस विभाग द्वारा दी जा रही हैं। आमजन के साथ समन्वय स्थापित कर जिले को नशे के विरूद्ध जागरूक किया जाएगा।
इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, नार्कोटिक्स विभाग आर. के. मीणा, आबकारी विभाग से श्रीमती बसंती भूरिया सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


