सिवनी तहसील/राकेश यादव/खबर डिजिटल/ अवैध सूदखोरी और गुंडागर्दी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बडोल थाना पुलिस ने मारबोडी क्षेत्र के दो कुख्यात सूदखोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 27 लाख रुपये नगद, दो वाहन, ट्रैक्टर, सीड ड्रिल, कल्टीवेटर सहित अन्य कृषि यंत्र बरामद कर पीड़ित को मुक्त कराया।
क्या है मामला?
मामला बडोल थाना क्षेत्र का है। चौड़ा निवासी राजेश पाठक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी जरूरत के लिए मारबोडी निवासी ब्रजेश राजपूत और स्वदेश राजपूत से 10-10 लाख रुपये ब्याज पर उधार लिए थे। पीड़ित के अनुसार, वह अब तक लगभग 40 लाख रुपये चुका चुका है, लेकिन इसके बावजूद आरोपी 60 लाख रुपये अतिरिक्त तथा पेनाल्टी की मांग कर रहे थे। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई और दबाव बनाकर उसके दो वाहन व कृषि उपकरण जबरन अपने कब्जे में ले लिए गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता के निर्देशन में बडोल पुलिस टीम ने मारबोडी गांव में दबिश दी। घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और पीड़ित की संपत्ति जब्त कर वापस दिलाई गई।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ब्रजेश राजपूत आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ सिवनी, छिंदवाड़ा, अमरवाड़ा और महाराष्ट्र में विभिन्न धाराओं में 15 से अधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं उसके भाई स्वदेश राजपूत के खिलाफ भी बडोल थाने में 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस की अपील
बडोल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सूदखोरी, अवैध वसूली या धमकी का शिकार हो रहा है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध सूदखोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है और आम नागरिकों में कानून के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।
