सौरभ श्रीवास्तव /खबर डिजिटल कटनी सूत्रों के अनुसार जिले के स्लीमनाबाद अंतर्गत ग्राम पंचायत डोकरिया में सड़क निर्माण कार्य के दौरान अवैध मुरुम खनन का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत की भूमि से बिना अनुमति और बिना एनओसी के पिछले लगभग 10 दिनों से बड़े पैमाने पर मुरुम की खुदाई की जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य के नाम पर निर्धारित मानकों से अधिक मात्रा में मुरुम निकाला गया, जिससे सड़क किनारे बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। खनन कार्य में भारी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है, जबकि इसके लिए पंचायत से किसी प्रकार की औपचारिक अनुमति नहीं ली गई है।स्थानीय रहवासियों ने आरोप लगाया है कि इस अवैध खनन में ग्राम सरपंच और सचिव की ठेकेदार के साथ मिलीभगत है। उनका कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के चलते नियमों को दरकिनार कर पंचायत भूमि का दोहन किया जा रहा है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, परंतु समाचार लिखे जाने तक उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और अवैध खनन पर कब तक रोक लगती है।
कटनी/स्लीमनाबाद: डोकरिया मार्ग में अवैध मुरुम खनन का आरोप, सरपंच-सचिव पर मिलीभगत के आरोaप
सम्बंधित ख़बरें
