भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश की सियासत में एक बार फिर से हलचल मच गई, जब अचानक सियासतदानों की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई, इसमें सबसे पहले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के फोटो सामने आए, जिसमें वो मुस्कुराते हुए नजर आ रहे थे। दूसरी तस्वीर मंत्री प्रहलाद पटेल की साझा हुई, जिसमें वो भी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करते दिखाई दे रहे थे। वहीं तीसरी तस्वीर देर शाम सोशल मीडिया की सुर्खियां बटोर ले गई, जब सीएम डॉ. मोहन यादव और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर चर्चा की।
कैलाश विजयवर्गीय ने बताया मुलाकात का कारण
अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि उनकी दिल्ली प्रवास पर केंद्रीय गृहमंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान मध्य प्रदेश की प्रगति के संदर्भ में चर्चा हुई। साथ ही विभिन्न समसामयिक विषयों एवं जनकल्याण पर सार्थक संवाद हुआ। जिसे वर्तमान सियासी पृष्ठभूमि के लिए बेहद ही खास माना जा रहा है।
प्रहलाद पटेल ने दी मुलाकात की जानकारी
दिल्ली प्रवास के बारे में जानकारी देते हुए मंत्री प्रहलाद पटेल ने बताया कि 28 फरवरी शनिवार को दोपहर कर्मठ एवं दूरदर्शी गृहमंत्री अमित शाह से सौजन्य भेंट कर चर्चा की, जिसके लिए उन्होंने शाह को धन्यवाद दिया। साथ ही केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात के बारे में बताया कि इस अवसर पर दो महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई, निराहार रहकर सतत चौथी नर्मदा करने वाले पूज्य दादा गुरु का DRDO द्वारा उनका वैज्ञानिक अध्ययन कराने का निवेदन किया गया, और स्वराधीश भारत बालवल्ली के द्वारा आयोजित बलिदानी वीरनारी कार्यक्रम के संबंध में निवेदन किया गया, जिसके लिए उन्होंने वार्ता के लिए सादर आभार व्यक्त किया।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने बताई वजह
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली दौरे को लेकर बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह़ से भेंट कर भोपाल में यूनियन कार्बाइड की भूमि पर गैस काण्ड स्मारक निर्माण के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर उज्जैन में विक्रमोत्सव के भव्य आयोजन की जानकारी दी और नक्सल मुक्त होने के बाद बालाघाट में आयोजित बैगा महोत्सव में सादर आमंत्रित किया। इस बीच सीएम और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की। प्रदेश में पार्टी और सरकार की गतिविधियों की जानकारी साझा की। सीएम डॉ. मोहन यादव अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तस्वीर जारी कर इस मुलाकात की जानकारी दी।
ये भी हो सकती है वजह
सीएम डॉ. मोहन यादव के दिल्ली दौरे को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि उनकी और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की आला नेताओं से एमपी से राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल होने वाले नेताओं के बारे में और एमपी के संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई है। साथ ही आगामी वक्त में निगम-मंडल में नियुक्तियों समेत मोदी मंत्रिमंडल समेत मोहन मंत्रिमंडल के विस्तार पर भी बातचीत हुई है। जिसके बाद आने वाले वक्त में एमपी की सियासत में बड़ा कुछ देखने को मिल सकता है।


