Gold Siver Rate Today: अमेरिका-ईरान युद्ध का असर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण सोना-चांदी के दामों पर भी असर पड़ा है। अमेरिकी ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें कम होने से शुक्रवार को एमसीएक्स पर चांदी की कीमत में मामूली गिरावट दर्ज की गई। एमसीएक्स पर चांदी की कीमत में 0.7% की गिरावट आई, जिसके चलते 2 लाख 66 हजार 1 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जबकि एमसीएक्स पर सोने की कीमत 0.3% गिरकर 1 लाख 59 हजार 764 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना-चांदी का हाल
सिंगापुर में सुबह के कारोबार में स्पॉट गोल्ड में 0.4 प्रतिशत की मामूली बढ़त दर्ज की गई और यह 5 हजार 99.98 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी की कीमत में भी 0.4 प्रतिशत का इजाफा हुआ और यह 84.18 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार करती नजर आई। इसके अलावा प्लैटिनम और पैलेडियम में भी तेजी देखने को मिली।
साप्ताहिक स्तर पर सोना-चांदी का भाव
इस सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में इस हफ्ते गिरावट देखी जा रही है, जिसकी मुख्य वजह अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना है। वहीं, मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी ने सोने के लिए मुश्किलें और बढ़ गई हैं, शुक्रवार को निवेशकों में उत्साह कम ही देखा गया, जिससे सोना 5 हजार 100 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर गया, लेकिन फिर भी यह साप्ताहिक आधार पर 1% से अधिक की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है।
महंगाई का भी दिखाई दिया असर
बढ़ती ऊर्जा कीमतों के चलते महंगाई में बढ़ोतरी दर्ज की गई। ऊंचे क्रूड ऑयल ने महंगाई बढ़ने की आशंका को जन्म दिया है, जिसके चलते अमेरिकी फेडरल रिजर्व और अन्य केंद्रीय बैंकों से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें कम हो गई हैं। अमेरिका में बेरोजगारी के आंकड़ों के आधार पर अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है। जिससे ब्याज दरों में जल्द कमी की संभावना और धूमिल हुई है।
लंबे समय तक युद्ध बढ़ा सकता है दबाव
पिछले दो हफ्तों में बाजार में उतार-चढ़ाव देखा गया है क्योंकि निवेशकों ने अपने अन्य निवेशों में हुए नुकसान की भरपाई के लिए सोना बेचा है। इस सबके बावजूद, सोने में इस साल अब तक लगभग 18 प्रतिशत की तेजी आई है और यह अधिकतर समय 5 हजार डॉलर प्रति औंस के महत्वपूर्ण स्तर से ऊपर बना हुआ है।


