CG Morning News : रायपुर में मौसम और राजनीति दोनों में हलचल देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से तेज बारिश की संभावना जताई है, वहीं राजधानी में कई राजनीतिक कार्यक्रम, प्रदर्शन और प्रशासनिक फैसलों को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं।
कई जिलों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है। जशपुर और आसपास के इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि रायपुर में हल्की बारिश और धुंध बने रहने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है।
NSUI का घेराव
12वीं कक्षा के हिंदी विषय के एक सेट का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले को लेकर NSUI ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। NSUI कार्यकर्ता दोपहर 1:30 बजे छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल का घेराव करेंगे और मामले की जांच व कार्रवाई की मांग उठाएंगे।
सीएम साय का आज का कार्यक्रम
सीएम साय आज राजधानी रायपुर में ही रहेंगे। सुबह 11 बजे वे जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे और दोपहर 2 बजे विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होंगे।
सचिन पायलट कल आएंगे रायपुर
कांग्रेस छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट कल रायपुर दौरे पर पहुंचेंगे। वे दोपहर 12:15 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सीधे भारत माता चौक जाएंगे। इसके बाद वे कांग्रेस के मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत आयोजित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में भाग लेंगे और शाम 3 बजे राजीव भवन पहुंचकर प्रदेश कांग्रेस कनेक्ट सेंटर का उद्घाटन करेंगे।
मनरेगा पर विधानसभा घेराव
कांग्रेस पार्टी मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत मंगलवार दोपहर 12 बजे विधानसभा का घेराव करेगी। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। पिछले लगभग दो महीनों से इस अभियान के तहत प्रदेशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
18 मार्च को कर्मचारियों का प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने 18 मार्च को प्रदेश के सभी जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में प्रदर्शन करने की घोषणा की है। संगठन की प्रमुख मांगों में जुलाई 2016 से लंबित महंगाई भत्ता एरियर को कर्मचारियों के GPF खाते में समायोजित करना और चार स्तरीय पदोन्नत समयमान वेतनमान लागू करना शामिल है।
बीजेपी युवा मोर्चा का होली मिलन समारोह
17 मार्च को भाजपा युवा मोर्चा द्वारा होली मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकारीहा करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित कैबिनेट मंत्री, सांसद और विधायक भी मौजूद रहेंगे। यह आयोजन शहनाई गार्डन दरबार में शाम 5 बजे से शुरू होगा।
तीन दिन मांस-मटन बिक्री पर प्रतिबंध
रायपुर नगर निगम ने धार्मिक त्यौहारों को देखते हुए राजधानी में तीन दिन मांस और मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। यह प्रतिबंध 20 मार्च (चेट्रीचंड), 27 मार्च (रामनवमी) और 31 मार्च (महावीर जयंती) को लागू रहेगा। रायपुर महापौर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी किया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।


