CG Atithi Shikshak Niymitikaran : छत्तीसगढ़ में अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण को लेकर चल रही मांगों के बीच सरकार ने विधानसभा में साफ कर दिया है कि इसके लिए कोई प्रावधान नहीं है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि अतिथि शिक्षक अलग श्रेणी में आते हैं, इसलिए उनका नियमितीकरण संभव नहीं है।
प्रश्नकाल में गरमाया मुद्दा
विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रश्नकाल में यह मुद्दा तेजी से उठा। विपक्ष ने शिक्षा व्यवस्था और अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण और मानदेय को लेकर सरकार पर सवालों की बौछार की। हालांकि, जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर विरोध दर्ज कराया।
नियमितीकरण पर सरकार का रुख
मंत्री गजेंद्र यादव ने विधानसभा में साफ तौर पर कहा है कि नियमितीकरण की प्रक्रिया केवल दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों पर लागू होती है, जबकि अतिथि शिक्षक इस श्रेणी में नहीं आते। इसलिए उनके लिए ऐसी कोई योजना या नीति फिलहाल नहीं है।
मानदेय और भर्ती पर दी जानकारी
विधायक विक्रम मंडावी के प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने बताया कि अतिथि शिक्षकों को प्रति माह 20 हजार रुपये मानदेय दिया जाता है, जो उनकी उपस्थिति के आधार पर निर्धारित होता है और सभी जिलों में समान है। उन्होंने आगे कहा कि हाल में नई भर्ती नहीं की गई है, बल्कि पूर्व से कार्यरत अतिथि शिक्षकों से ही काम लिया जा रहा है।
