Weather Update: पिछले कुछ दिनों से देशभर में गर्मी का भीषण प्रकोप देखने को मिल रहा था. हालांकि अब मौसम ने अचानक करवट ली है और देश के कई हिस्सों में बदलाव साफ देखा जा रहा है. भारतीय मौसम विभाग यानी IMD ने उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है. खास तौर पर दिल्ली NCR, हरियाणा, पंजाब और पश्चिम बंगाल जैसे इलाकों में 21 मार्च तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है.
दिल्ली में बदला मौसम
दिल्ली और आसपास के इलाकों में बीते कुछ दिनों से तेज हवाएं और हल्की बारिश हुई, जिससे बढ़ती गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है. मौसम विभाग का कहना है कि यह बदलाव एक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हुआ है, जो उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित कर रहा है. इसके चलते आने वाले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने, बारिश होने और तेज हवा चलने की स्थिति बनी रह सकती है. IMD ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है, जिसका मतलब है कि मौसम सामान्य से अलग रह सकता है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है. यही स्थिति हरियाणा और पंजाब में भी देखने को मिल सकती है, जहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.
यहां बदलेगा मौसम
अगर पूर्वी भारत की बात करें तो पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम बदलने वाला है. यहां भी बादल छाने, बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मौसम पूरी तरह स्थिर नहीं रहने वाला है. कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बादल छाए रहने की संभावना है. हालांकि यहां बहुत भारी बारिश की चेतावनी नहीं है, लेकिन मौसम में बदलाव जरूर महसूस किया जा सकता है. तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
मौसम विभाग का यह भी कहना है कि इस तरह के बदलाव मार्च के महीने में सामान्य माने जाते हैं, क्योंकि इस समय पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहते हैं. इनके कारण अचानक बारिश, तेज हवाएं और कभी कभी आंधी जैसी स्थितियां बन जाती हैं.इस बीच लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें. खासकर खुले स्थानों पर जाने से बचें, तेज हवा या बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित जगह पर रहें और जरूरी होने पर ही बाहर निकलें. किसानों के लिए भी यह समय सावधानी बरतने का है, क्योंकि तेज हवा और बारिश फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है.
यह भी पढ़ें- Haunted Railway Stations: क्या आपने सुनी हैं इन भूतिया रेलवे स्टेशनों की कहानियां? जानिए सबसे डरावनी जगहें


