Shajapur Eid : शाजापुर में शानिवार को ईद-उल-फितर का पर्व अमन-शांति और भाईचारे के साथ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गिरवर रोड स्थित ईदगाह में सुबह से ही रौनक देखने को मिली, जहां हजारों मुस्लिम समाजजनों ने एकत्रित होकर सामूहिक नमाज अदा की,एक साथ हजारों शीश ईबादत में झुके। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और खुशियां साझा कीं।
दिखी खुशी की झलक
ईदगाह परिसर में सुबह से ही उत्साह का वातावरण बना रहा। हर चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। इस मौके पर देश में अमन-शांति, भाईचारे और तरक्की के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। बच्चों में भी खास उत्साह देखने को मिला, जिन्हें बड़ों ने ईदी दी। जरूरतमंदों की मदद कर समाज ने सेवा और सहयोग का संदेश भी दिया।
जिला प्रशासन का किया स्वागत
जिला प्रशासन और कांग्रेस द्वारा शहर काजी मोहसिन उल्ला और एहसान उल्ला का साफा पहनाकर स्वागत किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं समाज के लोगों ने भी पुष्पहार और शाल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया।
रमजान के पूरे महीने रोजे रखने के बाद ईद का त्योहार मनाया जाता है। इस अवसर के लिए मुस्लिम परिवारों में एक सप्ताह पहले से तैयारियां शुरू हो गई थीं। घरों में मीठी सेवईयां बनाई गईं और रिश्तेदारों को दावतें दी गईं।
प्यारे मियां बने शहर काजी
ईदगाह में हाफिज अब्दुल गफ्फार साहब ने नमाज अदा करवाई, जबकि खुतबा काजी रहमतुल्लाह साहब द्वारा पढ़ाया गया। ईद के पावन अवसर पर काजी मौहसिनउल्ला साहब ने अस्वस्थ रहने के चलते अपने उत्तराधिकारी के रूप में नायब काजी प्यारे मियां रहमतुल्ला को शहर काजी की जिम्मेदारी सौंपी। आज से अब ये शहर काजी होंगे।


