आलीराजपुर/ कुलदीप खराड़ीया/ खबर डिजिटल/ हाल ही में कट्ठीवाड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत खामडका के अंतर्गत ग्राम केवड़ी (पुजारा फलिया) में हुई भीषण आगजनी ने एक गरीब परिवार की खुशियों को राख में तब्दील कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में बचला पिता गमजी का आशियाना पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जोबट विधायक सेना महेश पटेल तुरंत मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार का हाल जाना।
सब कुछ जलकर हुआ राख
विधायक ने जब मौके का मुआयना किया, तो स्थिति हृदयविदारक थी। आग ने न केवल घर को नष्ट किया, बल्कि घर के भीतर रखा अनाज, कपड़े, महत्वपूर्ण दस्तावेज और बच्चों की स्कूल-कॉलेज की मार्कशीट भी जला दी। सबसे दुखद पहलू यह रहा कि घर में बंधी दो भैंसें भी इस आग की भेंट चढ़ गईं। परिवार ने बमुश्किल भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन वे अब खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।
आर्थिक सहायता की घोषणा
पीड़ित परिवार की दयनीय स्थिति देख विधायक भावुक हो गईं। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए अपनी विधायक निधि से 50,000 रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके अलावा, वे अपने साथ गेहूं, मक्का और कपड़े जैसी आवश्यक राहत सामग्री भी लेकर पहुंचीं ताकि परिवार को भूखा न सोना पड़े।
दस्तावेजों और आवास के लिए निर्देश
विधायक ने घटनास्थल से ही कलेक्टर से फोन पर चर्चा की और उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया। उन्होंने विशेष रूप से जोर दिया कि आग में बच्चों के शैक्षणिक दस्तावेज जल गए हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर दोबारा बनवाया जाए ताकि उनकी पढ़ाई का नुकसान न हो। साथ ही, उन्होंने परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर दिलाने, रेड क्रॉस से अतिरिक्त सहायता और शीघ्र मुआवजा राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
बुनियादी सुविधाओं पर उठाए सवाल
इस दौरे के दौरान विधायक ने क्षेत्र में व्याप्त बुनियादी समस्याओं पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव आज भी ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। इस अवसर पर कट्ठीवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


