MP Nigam Mandal Niyuktiya: मध्यप्रदेश में सत्ता और संगठन के बीच चल रही निगम मंडलों में नियुक्ती की कवायद एक बार फिर अटकती नजर आ रही है। सत्ता के साथ कदमताल करने के इंतजार में बैठे बीजेपी नेताओं को नवरात्रि के बाद नियुक्तियों की उम्मीद थी…लेकिन उनका इंतजार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है…अब सबकी नजरें प्रदेश कार्यसमिति की आगामी बैठक पर टिकी हैं…
दावेदारों ने चमकाए बायोडाटा
मध्यप्रदेश भाजपा में इन दिनों ‘इंतजार’ का दौर लंबा होता जा रहा है। कयास लगाए जा रहे थे कि नवरात्रि के शुभ अवसर पर निगम-मंडलों और प्राधिकरणों में खाली पड़े पदों को भर दिया जाएगा। दावेदारों ने बायोडाटा चमकाए, दिल्ली से भोपाल तक के चक्कर लगाए, लेकिन नवरात्रि बीतने के बाद नियुक्तियों को लेकर कोई सुगबुगाहट नहीं है…
ठंडे बस्ते में कई नाम
नवरात्रि के दौरान केवल वरिष्ठ नेता जयभान सिंह पवैया की नियुक्ति ही सामने आई। इसके अलावा लिस्ट में शामिल कई नामों पर फिलहाल ‘ठंडे बस्ते’ में है। पार्टी सूत्रों की मानें तो सत्ता और संगठन के बीच नामों के पैनल को लेकर अभी भी मंथन जारी है। क्षेत्रीय संतुलन और जातिगत समीकरणों को साधने की कोशिश में नियुक्तियों को फिलहाल टाल दिया गया है।
36 नियुक्तियों की सौंपी सूची
मध्यप्रदेश में 50 से अधिक निगम, मंडल, आयोग और प्राधिकरणों में राजनैतिक नियुक्ति होनी है…पार्टी सूत्रों की मानें तो 36 नियुक्तियों की सूची संगठन ने आलाकमान को भी सौंप दी थी…लेकिन आलाकमान से इन नियुक्तियों के लिये मंजूरी नहीं मिल पा रही है….अब कयास लगाये जा रहे है, कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद इन सूची पर फिर से विचार होगा और राजनैतिक नियुक्तियों को हरी झंडी मिल सकती है…


