IAS Rinku Singh Resigns: उत्तर प्रदेश कैडर के युवा आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। रिंकू सिंह ने अपने इस्तीफे के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर बड़े सवाल खडे करते हुए कई आरोप लगाए है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें लंबे समय से न तो कोई जिम्मेदारी दी जा रही थी और न ही कोई सार्थक पदस्थापना।
न काम, न जिम्मेदारी
अपने इस्तीफे में राही ने लिखा कि उन्हें केवल वेतन मिल रहा था, लेकिन जनसेवा का कोई अवसर नहीं दिया जा रहा था। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रशासनिक ढांचे के समानांतर एक अलग तरह की व्यवस्था काम कर रही है, जहां ईमानदारी से काम करने वालों को नजरअंदाज किया जाता है। राही का कहना है कि एसडीएम रहते हुए कुछ सख्त कार्रवाई करने के बाद उन्हें किनारे कर दिया गया। इसके बाद से उन्हें कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई।
चर्चा में रहे हैं राही
आपको बता दें कि साल 2009 में एक घोटाले को उजागर करने के बाद उन पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें उन्हें कई गोलियां लगी थीं, लेकिन वे बच गए। हाल ही में शाहजहांपुर में वकीलों के प्रदर्शन के दौरान उनका एक वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद उन्हें अटैच कर दिया गया और तब से उनकी पोस्टिंग नहीं हुई।
यह भी बता दें कि रिंकू सिंह राही ने अपने इस्तीफे को नैतिक निर्णय बताते हुए कहा कि जब एक अधिकारी को काम ही नहीं दिया जाए, तो उस पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं रह जाता। सूत्रों की मानें तो ऐसे कई अधिकारी हैं जिन्हें लंबे समय से बिना जिम्मेदारी के रखा गया है। राही के इस्तीफे के बाद माना जा रहा है कि और भी इस्तीफे हो सकते है।


