IPL Betting Racket: आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच धार पुलिस ने सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। बीते रविवार की देर रात की गई इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने एक भाजपा नेता के निवास पर दबिश देकर ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए चार रसूखदारों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में सत्ताधारी दल के पूर्व पदाधिकारी और पूर्व पार्षद शामिल हैं, जिससे जिले की राजनीति में हड़कंप मच गया है।
सत्ता की आड़ में सट्टे का कारोबार?
पुलिस की छापेमारी में जिन चेहरों का खुलासा हुआ है, वे क्षेत्र के जाने-माने राजनीतिक नाम हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में
शांतिलाल सिर्वी भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री, विनय ठाकुर पूर्व पार्षद और भाजयुमो के पूर्व नगर मंडल महामंत्री, आदित्य उर्फ सोनू माहेश्वरी युवा मोर्चा कार्यकर्ता और अभिषेक अग्रवाल सट्टेबाजी गिरोह का सदस्य शामिल है।
पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक
धार टीआई अमित सिंह कुशवाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पेटलावद रोड स्थित एक संदिग्ध मकान की घेराबंदी की। पुलिस को सटीक जानकारी मिली थी कि यहाँ लैपटॉप और मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर हार-जीत का दांव लगाया जा रहा है।
ये सामान जब्त
01 लैपटॉप
04 एंड्रॉयड और 02 कीपैड मोबाइल फोन
लाखों रुपये के लेनदेन का हिसाब लिखे हुए 07 सट्टा पर्चे
सट्टेबाजी में उपयोग उपकरण
शहर में सक्रिय हैं और भी गिरोह
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद धार में अवैध सट्टा संचालित करने वाले गिरोहों में खलबली मच गई है। सूत्रों की मानें तो शहर के कई अन्य हिस्सों में भी इसी तरह के हाई-टेक सट्टा सेंटर संचालित हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि कारोबार की चेन का पर्दाफाश किया जा सके। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।


