सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी
खाता उपलब्ध कराने के एवज में लेता था कमीशन, अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े तार
कटनी–जिले में साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलहरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 4.26 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी से जुड़े मामले में एक आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी बैंक खाता उपलब्ध कराने के बदले कमीशन लेता था और साइबर ठगी गिरोह की मदद करता था।पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चिसीया के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना कुठला एवं चौकी बिलहरी की टीम ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन को अंजाम दिया।क्या है पूरा मामलाप्राप्त जानकारी के अनुसार, रोशन नगर निवासी राजेंद्र विश्वकर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आर्यवत शिक्षा समिति के नाम पर डोनेशन दिलाने का झांसा देकर संस्था के एक्सिस बैंक खाते का उपयोग किया गया। इस खाते के माध्यम से 4.26 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेनदेन किया गया।शिकायत पर थाना कुठला में अपराध क्रमांक 99/26 धारा 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।मुंबई से पकड़ा गया आरोपीजांच के दौरान संबंधित बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने मुंबई के अंधेरी ईस्ट स्थित पूनम नगर निवासी 25 वर्षीय अभिषेक नार्कर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के कहने पर होटल में मोबाइल लेकर रुकता था, जहां से फॉरवर्डेड मैसेज ऐप के जरिए ठगी की रकम खातों में ट्रांसफर की जाती थी। इसके बदले उसे 15 हजार रुपये साप्ताहिक और 60 हजार रुपये मासिक भुगतान किया जाता था।फरार मास्टरमाइंड पर शिकंजामामले में आरोपी के साथी प्रशांत पद्मने और अब्दुल सत्तार फरार हैं, जिनके खिलाफ देशभर में करीब 54 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। दोनों के दुबई में होने की सूचना है और उनके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है।पहले से दर्ज हैं कई मामलेगिरफ्तार आरोपी अभिषेक नार्कर के खिलाफ भी महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में कई धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।टीम की सराहनीय भूमिकाइस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा, चौकी प्रभारी सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक दामोदर राव, प्रधान आरक्षक संतोष प्रजापति और आरक्षक लव उपाध्याय की महत्व पूर्ण भूमिका रही


