डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ डिंडोरी, जिले के गाड़ासरई थाना अंतर्गत किकरा तालाब के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। शनिवार की देर रात अमरकंटक-जबलपुर नेशनल हाईवे पर काल बनकर आए एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन (MP 19 G 9351) ने पांच लोगों को कुचल दिया। हादसे में पांचों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में एक ही परिवार के लोग शामिल होने से गांवों में मातम का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, परसवाह गांव के रहने वाले लोग लियारी गांव में आयोजित एक ‘चौक’ (पारिवारिक) कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। वे सभी पिकअप वाहन (MP 65 ZD 1118) में सवार थे। देर रात करीब 12 बजे जैसे ही वे किकरा तालाब के पास पहुंचे, पिकअप का टायर अचानक पंक्चर हो गया। ड्राइवर ने गाड़ी सड़क किनारे रोकी और टायर बदलना शुरू किया। गाड़ी में सवार अन्य लोग भी नीचे उतरकर सड़क किनारे सुरक्षित खड़े होकर बातचीत कर रहे थे।
इसी बीच, अमरकंटक की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित कैप्सूल वाहन ने सड़क किनारे खड़े इन लोगों को रौंद दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही पांच लोगों ने दम तोड़ दिया। रौंदने के बाद कैप्सूल चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे वह सड़क किनारे बनी एक मढ़िया, बिजली के पोल और यात्री प्रतीक्षालय को क्षतिग्रस्त करते हुए लगभग 300 मीटर दूर जाकर रुका। इस भीषण हादसे में दो लोग सड़क से करीब 10 फीट दूर जा गिरे।
हादसे में जान गंवाने वाले सभी मृतक आपस में रिश्तेदार थे, जो अलग-अलग गांवों के निवासी थे
राजकरण वनवासी (35), पिता द्वारका वनवासी (निवासी परसवाह)
बिहारी (50), पिता पवर सिंह (निवासी बरबे)
बिहारी का पुत्र (32)
पवन मरावी (35), पिता जयराम (निवासी परसवाह)
बिसाहू धुर्वे (58), पिता मंगलू धुर्वे (निवासी झिरी)
इस दुर्घटना में अजय (20), पिता कन्हैया, गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका उपचार गाड़ासरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया और एसपी ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए राहत कार्यों के निर्देश दिए:
मृतक के परिजनों को रेड क्रॉस सहायता से तत्काल 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जा रही है। प्रत्येक मृतक के परिवार को संबल योजना के तहत 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। प्रशासन द्वारा मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
गाड़ासरई पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश व मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। इस घटना से परसवाह, बरबे और झिरी गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
डिंडोरी हादसा: जबलपुर-अमरकंटक हाईवे पर कैप्सूल वाहन का कहर, 5 की मौत, एक घायल
सम्बंधित ख़बरें


