MP School Time Change: मध्य प्रदेश के सागर जिले में भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान ने जनजीवन प्रभावित करना शुरू कर दिया है। आज, 14 अप्रैल को पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने के बाद, छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्कूलों के समय में बड़े बदलाव के निर्देश दिए हैं।
नर्सरी से 12वीं तक नया टाइम-टेबल
जिला शिक्षा विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, अब जिले के सभी स्कूल सुबह की पाली में संचालित होंगे। जिसका समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक रहेगा। वही यह आदेश जिले के सभी शासकीय, निजी , सीबीएसई , आईसीएसई और अनुदान प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और आगामी आदेश तक यही व्यवस्था बनी रहेगी।
परीक्षाओं और मूल्यांकन पर असर नहीं
प्रशासन ने साफ तौर पर कहा है कि समय में यह बदलाव केवल नियमित कक्षाओं के लिए है। जिन स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं, वे अपने पूर्व निर्धारित समय और टाइम-टेबल के अनुसार ही संपन्न होंगी। शिक्षकों के लिए मूल्यांकन और अन्य प्रशासनिक कार्य भी अपने तय समय पर ही जारी रहेंगे।



