डिंडौरी/खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ डिंडौरी, माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी 10वीं-12वीं के परीक्षा परिणामों ने डिंडौरी जिले में जश्न का माहौल बना दिया है। प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल से घोषित इन नतीजों में डिंडौरी जिले ने शैक्षणिक उत्कृष्टता का नया अध्याय लिखा है। राज्य की मेरिट सूची में जिले के छात्र-छात्राओं ने अपनी धाक जमाते हुए यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी भी संसाधन की मोहताज नहीं होती।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अनुसार, इस वर्ष परीक्षा परिणाम संतोषजनक और प्रगतिशील रहे हैं:
- कक्षा 10वीं: 83.8% परिणाम के साथ जिले ने राज्य स्तर पर 9वीं रैंक हासिल की है।
- कक्षा 12वीं: 86.87% परिणाम के साथ जिले ने राज्य में 8वीं रैंक दर्ज की है।
- हाई स्कूल में 1.89% और हायर सेकेंडरी में लगभग 10% की भारी उछाल जिले के शैक्षिक नवाचारों का प्रमाण है।
- जिले के दो होनहारों ने प्रदेश की मेरिट लिस्ट में जगह बनाकर पूरे मध्य प्रदेश में जिले का मान बढ़ाया है
- कुमारी मालती पाराशर (10वीं): 98% अंकों के साथ प्रदेश में 10वां स्थान।
- ध्रुव कुमार साहू (12वीं): 97% अंकों के साथ प्रदेश में 8वां स्थान।
इसके साथ ही, भुवनेश्वरी ठाकुर, रघुनंदन ठाकुर, ऊर्जा अग्रवाल, रूपेश यादव, शिवाली साहू, तनुश्री साहू, सरस्वती पारासर, झिलमिल मरावी, ललित मशराम, सैयद मंतशा कौसर, अमलेश्वरी धुर्वे और कौशल्या राजपूत ने भी जिला मेरिट सूची में अपना स्थान सुरक्षित कर जिले का गौरव बढ़ाया।
सफलता के इन सितारों को सम्मानित करने के लिए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने एक विशेष आयोजन किया। कलेक्टर निवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल विद्यार्थियों का सम्मान किया गया, बल्कि कलेक्टर द्वारा पहले की गई घोषणा के अनुरूप हर मेरिट छात्र को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भेंट की गई।
कलेक्टर भदौरिया ने विद्यार्थियों के संघर्ष को नमन करते हुए कहा, “आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के हमारे होनहारों ने विपरीत परिस्थितियों में भी जो मुकाम हासिल किया है, वह पूरे जिले के लिए प्रेरणा है। मेधावी छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के त्याग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और स्वयं के अनुशासन को दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमित संसाधन सफलता की राह में बाधा नहीं, बल्कि एक अतिरिक्त ऊर्जा का काम करते हैं।
इस गौरवशाली अवसर पर जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त राजेन्द्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुमन परस्ते, जनसंपर्क अधिकारी चेतराम अहिरवार सहित जिले के अनेक प्रबुद्ध नागरिक और मेधावियों के अभिभावक उपस्थित रहे।


