MP 25 IPS Transfer: मध्य प्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियों के धमाके के बाद अब पुलिस प्रशासन में बड़े फेरबदल की घड़ी आ गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय से कभी भी IPS के अधिकारियों की नई ट्रांसफर लिस्ट जारी हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, इस बार तबादलों का आधार केवल रूटीन प्रक्रिया नहीं, बल्कि परफार्मेंस और फीडबैक को बनाया गया है।
25 IPS होंगे यहां से वहां!
प्रदेश के करीब 19 से 20 जिलों के SP बदले जा सकते हैं। इस सूची में उन अधिकारियों को प्राथमिकता दी जा रही है जिनके खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं या जिनका प्रदर्शन कसौटी पर खरा नहीं उतरा। करीब 8 जिलों के एसपी का रिपोर्ट कार्ड संतोषजनक नहीं पाया गया है। वहीं, 6 जिलों के कप्तानों के खिलाफ संगठन की ओर से शिकायतें सरकार तक पहुंची हैं।इसके अलावा करीब 5 जिलों में पदस्थ आईपीएस अधिकारियों का प्रमोशन हो चुका है, जिसके चलते वहां नए चेहरों की नियुक्तियां होना है। इस बार तबादलों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जनता से मिले फीडबैक को भी वजन दिया गया है।
रडार पर ये जिले!
बुरहानपुर, निवाड़ी, शाजापुर, शिवपुरी, डिंडौरी, मंडला, छतरपुर और नीमच के एसपी बदलना तय माना जा रहा है। वही दमोह, उज्जैन, सिवनी, आगर मालवा, ग्वालियर और जबलपुर में नए एसपी की तैनाती हो सकती है।
प्रमोशन और बदलाव
सूची में राहुल लोढ़ा (एसपी रेल भोपाल), मनोज राय (खंडवा), असित यादव (भिंड), मयंक अवस्थी (धार), सिमाला प्रसाद (रेल जबलपुर), शैलेंद्र सिंह चौहान (रीवा), विवेक सिंह (डीसीपी भोपाल), कुमार प्रतीक (डीसीपी इंदौर) और डॉ. शिवदयाल (झाबुआ) जैसे नाम शामिल हैं, जिन्हें नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं।
प्रशासनिक हलचल तेज
सरकार के इस कदम को कानून-व्यवस्था को सही ढंग से चलाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सचिवालय में सूची पर अंतिम मंथन हो चुका है और कभी भी आधिकारिक आदेश जारी किए जा सकते हैं।
