MP Kisan News: मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी का काम युद्ध स्तर पर जारी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार ने किसानों को उनकी उपज का भुगतान करते हुए अब तक 2548 करोड़ रुपये सीधे उनके बैंक खातों में जमा कर दिए हैं। प्रदेश के जनसंपर्क विभाग ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस बड़ी उपलब्धि की जानकारी साझा की है।
4.88 लाख किसान हुए लाभान्वित
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक प्रदेश के 4 लाख 88 हजार 270 किसानों से गेहूं की खरीदी पूरी की जा चुकी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने साफ किया कि राज्य में अब तक 19.31 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है, जिसके बदले भुगतान की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है।
अब 9 मई तक मौका
किसानों की सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने एक और बड़ा फैसला लिया है। पहले स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 9 मई कर दिया गया है। अब तक लगभग 1 लाख 60 हजार 261 किसान अपनी उपज बेचने के लिए स्लॉट बुक कर चुके हैं।
लक्ष्य में बढ़ोतरी
बता दें कि केंद्र सरकार ने इस बार मध्य प्रदेश के लिए गेहूं खरीदी का लक्ष्य 78 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन कर दिया है। मध्यम और बड़े किसानों के लिए शुरू की गई स्लॉट बुकिंग की व्यवस्था काफी कारगर साबित हो रही है, जिससे केंद्रों पर भीड़ प्रबंधन में मदद मिल रही है।
