शहडोल। ब्यौहारी थाना इलाके में शहडोल-रीवा हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में बीजेपी युवा मोर्चा के करकी मंडल अध्यक्ष राहुल द्विवेदी और उनके साथी अतुल तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों शनिवार रात एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।
झिरिया गांव से लौटते समय जोरा पुलिया के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शहडोल जिले के टिहकी गांव निवासी राहुल द्विवेदी और अतुल तिवारी शनिवार रात झिरिया गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। जब वे शहडोल-रीवा हाईवे पर जोरा पुलिया के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
मौके पर ही चली गई दोनों युवकों की जान
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसा बेहद भयावह था। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया। रात के अंधेरे में किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी, जिसकी वजह से दोनों के शव कई घंटों तक सड़क किनारे पड़े रहे।
सुबह राहगीरों ने देखे दोनों के शव
रविवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे टूटी बाइक और दो शव पड़े देखे तो तुरंत ब्यौहारी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
राहुल द्विवेदी भाजपा युवा मोर्चा के सक्रिय और लोकप्रिय युवा नेता थे। उनके निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में गमगीन माहौल रहा। वहीं अतुल तिवारी की मौत से भी क्षेत्र में शोक व्याप्त है। इस हादसे ने शहडोल जिले में तेज रफ्तार वाहनों और कमजोर यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह में जिले के अलग-अलग सड़क हादसों में 9 लोगों की जान जा चुकी है।
