Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशRatlam में Rajdhani Express में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी, यात्रियों को...

Ratlam में Rajdhani Express में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी, यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब राजधानी एक्सप्रेस के दो कोचों में अचानक आग लग गई. यह घटना आलोट और विक्रमगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच हुई. ट्रेन त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन की ओर जा रही थी. आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया. घटना के कारण दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हो गया और कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा.

ट्रेन में लगी आग

जानकारी के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस रतलाम स्टेशन से रवाना होने के बाद सुबह करीब साढ़े पांच बजे आलोट-विक्रमगढ़ सेक्शन में पहुंची थी. इसी दौरान बी-1 कोच से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं. स्थिति को देखते हुए गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी. इसके बाद ट्रेन को तत्काल रोका गया ताकि बड़ा हादसा टाला जा सके.

68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

रेलवे कर्मचारियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए प्रभावित कोचों में मौजूद करीब 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें दूसरे डिब्बों में शिफ्ट किया. आग फैलने से रोकने के लिए जले हुए कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया. रेलवे की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की वजह से किसी यात्री को गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा. हालांकि आग की वजह से दो कोच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. लेकिन नई दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर यातायात काफी प्रभावित रहा. कई ट्रेनों को सुरक्षा कारणों से रास्ते में अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा.

रेल मंत्रालय ने जांच के दिए आदेश

घटना के बाद रेल मंत्रालय ने मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं. रेलवे बोर्ड ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है, जिसमें इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और कोचिंग विभाग के अधिकारी शामिल किए गए हैं. यह टीम जांच करेगी कि आग तकनीकी खराबी से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था. जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि आग कोच के अंदर से शुरू हुई थी या बाहर से किसी वजह से लगी. इस हादसे के चलते कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ. कुछ ट्रेनों को शामगढ़, सुवासरा, चौमहला, मोड़क और रतलाम जैसे स्टेशनों पर रोकना पड़ा. रेलवे प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित यात्रियों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट