नरसिंहपुर। नेशनल हाईवे-44 पर एक सड़क में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना खतरनाक था कि 14 मई को बरमान चौकी क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटी और डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
ससुराल से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
बरमान चौकी प्रभारी आशीष बोपचे के मुताबिक, छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा निवासी कुलदीप डेहरिया (40) और दिनेश कुशवाहा (35) कार क्रमांक MP 28 CA 9705 से सागर जिले के देवरी गए थे। देवरी में दिनेश की ससुराल है। दोनों वहां से लौटकर अमरवाड़ा जा रहे थे, तभी नरसिंहपुर में यह हादसा हो गया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कुछ देर के लिए हाईवे पर मचा अफरा-तफरी
हादसे के बाद नेशनल हाईवे-44 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी पहुंच गई और क्षतिग्रस्त कार से दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने उठाई सुरक्षा बढ़ाने की मांग
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की जरूरत है। लोगों ने प्रशासन से सख्त निगरानी, स्पीड कंट्रोल और आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।
ये खबर भी पढ़िए..
