Bharat Matiyara: छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त भरत मटियारा अब हमारे बीच नहीं रहे। पिछले करीब एक महीने से गंभीर बीमारी से जूझ रहे भरत मटियारा ने हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही भाजपा संगठन, बस्तर और उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
चल रहे थे अस्वस्थ
पारिवारिक और पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भरत मटियारा पिछले एक माह से लगातार बीमार चल रहे थे। हाल ही में तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें राजधानी रायपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें बेहतर चिकित्सा और इलाज के लिए हैदराबाद के एक बड़े निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
दो बार रहे भाजपा के कप्तान
भरत मटियारा को छत्तीसगढ़ भाजपा, खासकर बस्तर संभाग का सक्रिय चेहरा माना जाता था। वे सांगठनिक रूप से काफी मजबूत थे और कांकेर जिला भाजपा अध्यक्ष के रूप में दो बार संगठन की कमान संभाल चुके थे। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे और सरकार में उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त था।
दिग्गजों ने जताया गहरा शोक
भरत मटियारा के निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों ने दुख व्यक्त किया है। नेताओं ने उनके राजनीतिक और योगदान को याद करते हुए कहा कि भरत मटियारा का जाना संगठन और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है।


