डिंडौरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ Dindori News: मेंहदवानी, रविवार की दोपहर राजगढ़ी घाट पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार हाइवा ने सड़क किनारे बैठे चार मवेशियों को कुचल दिया। हादसे में चारों मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग गया।
रविवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे हाइवा क्रमांक MP 19 ZB 6863 मंडला जिले के चाबी क्षेत्र स्थित रेत खदान से रेत भरकर शहपुरा की ओर जा रहा था। राजगढ़ी घाट के पास पहुंचते ही बेकाबू हाइवा ने सड़क किनारे बैठे मवेशियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दो मवेशी हाइवा के नीचे दब गए और दो सड़क पर गिर पड़े। चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों की सूचना पर मेहदवानी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। दो मवेशी हाइवा के नीचे बुरी तरह दबे थे। पुलिस ने जेसीबी मंगवाकर कड़ी मशक्कत से उन्हें बाहर निकलवाया। पुलिस ने पशु चिकित्सक की टीम को बुलाकर चारों मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में और ग्रामीणों की मदद से सम्मान के साथ मवेशियों का अंतिम संस्कार करवाया। मेहदवानी थाना प्रभारी एस.एल. मरकाम ने बताया कि “अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हाइवा को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।”
हादसे के बाद राजगढ़ी घाट क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी गुस्सा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते पर दिन-रात रेत से भरे हाइवा बहुत तेज रफ्तार से चलते हैं। पहले भी कई बार मवेशी और लोग हादसे का शिकार हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि राजगढ़ी घाट पर भारी वाहनों की रफ्तार पर रोक लगाई जाए और दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई हो। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और वाहन मालिक का पता लगा रही है।
