आलीराजपुर/ खबर डिजिटल/ कुलदीप खराड़ीया/ जोबट क्षेत्र के ग्राम बोरकुंडीय में आज विकास और शिक्षा को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक पल देखने को मिला।मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने लगभग ₹419.33 लाख की लागत से निर्मित आदिवासी बालक छात्रावास भवन का विधिवत लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में गांव का माहौल उत्साह और जनभागीदारी से भरा नजर आया। बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, समाजजन एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंत्री के स्वागत में ग्रामीणों ने पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल दिखाई दिया।
इस अवसर पर मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि “आदिवासी अंचल के बच्चों को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित आवास और उज्ज्वल भविष्य देना सरकार की प्राथमिकता है। यह छात्रावास भवन क्षेत्र के विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देगा।”
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य कर रही है। नया छात्रावास भवन दूर-दराज के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला। लोगों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।
