घंसौर जिला सिवनी/ खबर डिजिटल/ मनोज नामदेव/ मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां शादी के महज 13वें दिन एक नवविवाहिता की उसके ही जेठ ने कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
10 मई को हुई थी शादी…
जानकारी के मुताबिक घंसौर थाना अंतर्गत ग्राम खजरी निवासी 23 वर्षीय सरिता मरकाम का विवाह 10 मई को बबलू मरकाम से हुआ था। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे घर में अचानक खूनी वारदात हो गई। आरोप है कि बबलू के बड़े भाई ने सरिता पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में सरिता के गर्दन, पेट, हाथ और कमर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
कुल्हाड़ी से हमला
मृतका की भानजी पिंकी ने बताया कि उसने अपनी मामी को बचाने की कोशिश की। पिंकी के मुताबिक आरोपी ने अचानक कुल्हाड़ी से हमला शुरू कर दिया, जिसके बाद वह हंसिया लेकर मदद के लिए दौड़ी और शोर मचाया। आवाज सुनकर परिवार के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही घंसौर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह झारिया के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोपी को मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है, हालांकि हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और गांव सहित आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है। शादी की खुशियां मातम में बदलने वाली इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
