भोपाल। मध्य प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई शहरों में पारा 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है। शनिवार को छतरपुर जिले का नौगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा खजुराहो में 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी का असर बना रहेगा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दिन के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
4 जिलों में सीवियर हीटवेव का रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग भोपाल ने रविवार के लिए प्रदेश के 4 जिलों में तीव्र लू यानी सीवियर हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना शामिल हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इन जिलों में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना है। दोपहर के समय बाहर निकलने पर स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ सकता है।

11 जिलों में ऑरेंज, 22 जिलों में येलो अलर्ट
प्रदेश के 11 जिलों में तीव्र लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इनमें दतिया, निवाड़ी, सागर, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली शामिल हैं।
वहीं ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, उज्जैन, नीमच, मंदसौर और रतलाम सहित 22 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में लू चलने और तापमान में बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है।
भोपाल-इंदौर समेत 18 जिलों में भीषण गर्मी का असर
भोपाल और इंदौर सहित प्रदेश के 18 जिलों में तेज गर्मी का प्रभाव बना हुआ है। इनमें झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, सीहोर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट भी शामिल हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश में गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना कम है।
यह खबर भी पढ़िये..
