मध्यप्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों को बड़ी राहत दी है. स्कूल शिक्षा विभाग ने ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि बढ़ाने का फैसला लिया है. नए आदेश के अनुसार अब प्रदेश के सरकारी शिक्षकों का अवकाश 7 जून 2026 तक रहेगा. इस निर्णय से राज्य के करीब चार लाख शिक्षकों को लाभ मिलेगा.विभाग द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया जा रहा है. ऐसे में शिक्षकों के स्वास्थ्य और कार्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अवकाश अवधि में विस्तार किया गया है.
शिक्षक संगठनों की मांग के बाद लिया गया फैसला
हाल ही में मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से मुलाकात कर गर्मी की गंभीर स्थिति का मुद्दा उठाया था. प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों के लिए अवकाश अवधि बढ़ाने की मांग की थी. इसके बाद विभाग ने स्थिति की समीक्षा कर यह निर्णय लिया.शिक्षा विभाग ने अपने आदेश में यह भी उल्लेख किया है कि कई शिक्षक इन दिनों जनगणना और बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े कार्यों में भी व्यस्त हैं. अत्यधिक तापमान के बीच इन जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चुनौतीपूर्ण हो रहा था. इसी कारण पूर्व में घोषित अवकाश आदेश में संशोधन करते हुए नई अवधि तय की गई है.
छात्रों की छुट्टियों पर भी हो सकता है फैसला
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए भी राहत भरी खबर सामने आ सकती है. फिलहाल छात्रों के लिए 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित है, लेकिन मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए इसमें और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है. सूत्रों के अनुसार विद्यार्थियों की छुट्टियां 22 जून तक बढ़ाई जा सकती हैं. हालांकि इस संबंध में अभी अंतिम आदेश जारी नहीं हुआ है.
प्रदेश में जारी है भीषण गर्मी का दौर
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी का असर बना हुआ है. पिछले 24 घंटों के दौरान नरसिंहपुर सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा रायसेन में 43 डिग्री, विदिशा और नर्मदापुरम में 42.5 डिग्री, राजगढ़ में 42.4 डिग्री तथा खंडवा में 42.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.मौसम विभाग ने कुछ जिलों में गर्म रातों की स्थिति भी दर्ज की है. छिंदवाड़ा में गर्म रात्रि जबकि सिवनी में अत्यधिक गर्म रात्रि का प्रभाव देखने को मिला. ऐसे हालात को देखते हुए सरकार और शिक्षा विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
यह भी पढ़ें- हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें- MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें-इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
