Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशकटनीएनकेजे थाने में नाबालिग से मारपीट के आरोप पर बवाल, ग्रामीणों ने...

एनकेजे थाने में नाबालिग से मारपीट के आरोप पर बवाल, ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे किया जाम

खबर डिजिटल संवाददाता कटनी– एनकेजे थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ कथित पुलिस मारपीट के आरोपों को लेकर सोमवार शाम ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा। सैकड़ों ग्रामीणों ने कटनी-शहडोल राष्ट्रीय राजमार्ग पर जुहली मोड़ के पास चक्काजाम कर प्रदर्शन किया, जिससे लगभग तीन घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।ग्रामीणों का आरोप है कि जुहली गांव निवासी एक नाबालिग युवक शिकायत की पावती लेने एनकेजे थाना पहुंचा था, जहां उसे कई घंटों तक थाने में रोके रखा गया और उसके साथ मारपीट की गई। आरोप यह भी लगाए गए कि युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।घटना की जानकारी गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और युवक को साथ लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हाईवे पर यातायात रोक दिया।शाम करीब 7 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन रात लगभग 9:30 बजे तक जारी रहा। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। मझगवां टोल प्लाजा तक वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।जानकारी के अनुसार, जुहली गांव में दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। हाल ही में हुए विवाद और मारपीट की शिकायत लेकर दोनों पक्ष थाना पहुंचे थे। इसी घटनाक्रम के दौरान नाबालिग के साथ कथित मारपीट की बात सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया सहित कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।डीएसपी रत्नेश मिश्रा ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी तथा जांच में यदि कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने रात करीब 9:30 बजे प्रदर्शन समाप्त किया और यातायात बहाल किया गया। पुलिस ने देर रात तक जाम में फंसे वाहनों को निकालकर स्थिति सामान्य कराई। क्षेत्र में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट mo. 9131308097

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट