Tuesday, November 3, 2026
HomeचुनावMP Rajya Sabha: MP राज्यसभा चुनाव, कांग्रेस विधायकों को 10-10 करोड़ का...

MP Rajya Sabha: MP राज्यसभा चुनाव, कांग्रेस विधायकों को 10-10 करोड़ का ऑफर!

MP Rajya Sabha: मध्यप्रदेश में राज्यसभा की तीसरी सीट को लेकर चल रहा शह-मात का खेल सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन आक्रामक मोड़ पर पहुंच गया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के जीत के दावे और बागी निर्मला सप्रे की सीएम हाउस में एंट्री के बाद, अब कांग्रेस के फायरब्रांड आदिवासी नेता और विधायक विक्रांत भूरिया ने बीजेपी के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोल दिया है। भूरिया ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी साम, दाम, दंड, भेद की नीति पर उतर आई है और कांग्रेस विधायकों को तोड़ने के लिए 5 करोड़ से लेकर 15 करोड़ रुपये तक के ऑफर दिए जा रहे हैं।

विक्रांत भूरिया का पलटवार

कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर विधायकों की सुरक्षा की कमान संभाल रहे आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने मीडिया के सामने आकर बीजेपी की रणनीति की धज्जियां उड़ाईं। विक्रांत भूरिया ने दावा किया कि, बीजेपी के बड़े रणनीतिकार हमारे विधायकों के मोबाइल फोन लगा रहे हैं। उन्हें या तो केंद्रीय एजेंसियों का दबाव दिखाकर डराया जा रहा है या फिर करोड़ों रुपयों का लालच देकर पाला बदलने को कहा जा रहा है।

बिकाऊ VS टिकाऊ

दल-बदल की खबरों पर विराम लगाते हुए भूरिया ने दो टूक शब्दों में कहा कि, बीजेपी यह भूल रही है कि जो बिकाऊ प्रवृत्ति के नेता थे, वे पहले ही कांग्रेस छोड़कर जा चुके हैं। अब जो 64 विधायक हमारे पास बचे हैं, वे पूरी तरह टिकाऊ हैं। वे करोड़ों के लालच के आगे झुकने वाले नहीं हैं।

ढोंग करती है BJP: भूरिया

अपनी प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन के बाद विक्रांत भूरिया ने बीजेपी के महिला कार्ड पर हमला बोलते हुए कहा कि एक तरफ बीजेपी देश भर में लाड़ली बहना और नारी शक्ति के सम्मान का ढोंग रचती है, लेकिन जब राज्यसभा भेजने की बात आई, तो उन्होंने अपने तीन उम्मीदवारों में से एक भी महिला को प्रत्याशी नहीं बनाया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को मैदान में उतारा है और नटराजन को संसद तक पहुंचाएंगे।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट